विश्व रेडक्रॉस दिवस पर विशेष।

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर विशेष (08-05-2022)



 विश्व रेडक्रॉस सोसायटी एक अन्तर्राष्ट्रीय, अराजनैतिक एवं सामाजिक संस्था है। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के आजीवन व कार्यकारिणी सदस्य (आगरा )डॉ मुन्नालाल भारतीय के अनुसार इस संस्था की स्थापना मानवता के पुजारी महान समाजसेवी "जाॅन हैनरी ड्यूनेन्ट" द्वारा की गयी । जॉन हैनरी ड्यूनेन्ट का जन्म 08 ‌मई 1828 को जिनेवा (स्विटजरलैंड) में हुआ था। जॉन हैनरी का व्यक्तित्व बहुत ही प्रतिभाशाली व प्रेरणादायी था। वह एक महान समाजसेवी होने के साथ साथ एक व्यवसायी तथा श्रेष्ठ लेखक भी थे। " विश्व रेडक्रॉस दिवस " सम्पूर्ण विश्व में जॉन हैनरी के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। सन् 1859 में फ्रांस एवं ऑस्ट्रिया के बीच सेलफैरीनों नामक शहर में घमासान युद्ध हुआ। इस युद्ध में जख्मी सैनिकों के उपचार व सेवा के लिए जॉन हेनरी ने समाजसेवी व्यक्तियों का एक समूह बनाया तथा समूह के सदस्यों के साथ मिलकर जख्मी सैनिकों व पीड़ित व्यक्तियों की मदद की । इस घटना के पश्चात इन समाजसेवी व्यक्तियों के समूह के साथ मिलकर उन्होंने विश्व रेडक्रॉस सोसाइटी की स्थापना की। अतः कहा जा सकता है कि फ्रांस और ऑस्ट्रिया के युद्ध के परिणाम स्वरूप रेडक्रॉस सोसाइटी का जन्म हुआ। जॉन हेनरी श्रेष्ठ लेखक भी थे उन्होंने- " A memory of selferino, the origin of the red cross:un souvenir de selferino"यह पुस्तक लिखी उन्होंने इस पुस्तक में सेलफैरिनों  के युद्ध की विभीषिका एवं मानवता की असीम पीड़ा का वर्णन किया है उनकी दूसरी पुस्तक का नाम है The origin of red cross: scholar's choice edition. एक समय ऐसा भी आया जब मानवता की सेवा करते हुए उन्हें अपने व्यापार में भारी आर्थिक क्षति का सामना भी करना पड़ा और सन् 1869 में जॉन हैनरी को दिवालिया घोषित कर दिया गया। परन्तु जॉन हैनरी ने वक्त से हार नहीं मानी और वे मानवता की सेवा में पूर्ण सक्रियता के साथ जुटे रहे। उन्होंने 14 यूरोपीय राज्यों के सहयोग से सैनिक तथा पीड़ितों की सेवा के लिए सभी देशों में ' नेशनल रिलीफ सोसायटी' का गठन किया । सन् 1895 में जिनेवा में एक अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ जिसमें रेडक्रॉस चिन्ह का निर्णय लिया गया जो एक सफेद पृष्ठभूमि पर लाल रंग का क्राॅस चिन्ह निर्धारित किया गया। सन् 1901 में मानवता की सेवा के लिए सर जॉन हैनरी ड्यूनेन्ट को 'नोबल पीस पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। जॉन हैनरी के सम्मान में एक म्यूजियम भी बनाया गया। यह म्यूजियम वहां बनाया गया जहां जॉन हैनरी ने घायलों की सेवा के लिए एक नर्सिंग होम बनवाया। भारत में रेडक्रॉस सोसायटी की स्थापना "पार्लियामेंट एक्ट XV" द्वारा सन् 1920 में की गयी। भारत में रेडक्रॉस सोसायटी के पदेन अध्यक्ष महामहिम राष्ट्रपति जी हैं, राज्यों में महामहिम राज्यपाल जी इस संस्था के अध्यक्ष होते हैं तथा जिला स्तर पर इस संस्था के अध्यक्ष का कार्य संचालन जिलाधिकारी द्वारा किया जाता है। मानवता की सेवा के लिए जॉन हैनरी ड्यूनेन्ट का कार्य अनुकरणीय है उन्होंने सम्पूर्ण विश्व को मानवता का संदेश दिया उनका व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

 नोट- ज्यादा से ज्यादा लोग इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य बने और जनकल्याण व राष्ट्र प्रगति हेतु अपना सहयोग करें।

भवदीय/लेखक
डॉ मुन्नालाल भारतीय
आजीवन सदस्य- इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी आगरा।

Post a Comment

0 Comments